शामली। जनपद के कांधला कस्बे के मोहल्ला मिर्दगान निवासी जावेद पुत्र हाजी जाहिद, जो अपने आप को लोक दल का वरिष्ठ नेता बताते हैं, मकान की खरीद को लेकर विवाद में फंस गए हैं। आरोप है कि उन्होंने अपने ताया के बेटों से मकान खरीदा था, जिसमें उनकी एक तयाजद बहन भी रहती थी।
पीड़ित महिला का आरोप है कि उसने अपने भाइयों पर 1,90,000 रुपये का दावा किया था और मकान बेचते समय स्पष्ट कहा था कि उसकी रकम मिलने के बाद ही वह मकान खाली करेगी। मगर मकान के बैनामा होने के बाद आरोप लगा कि नए मालिक ने उसका सामान सड़क पर फेंक दिया, जिससे विवाद गहराया।
मुख्यमंत्री दरबार में शिकायत
पीड़ित महिला ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दरबार में शिकायत पत्र दिया। शिकायत के बाद मुख्यमंत्री के आदेश पर स्थानीय पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए लोगों में मकान खरीदने वाले जावेद भी शामिल हैं, जो स्वयं को लोक दल का वरिष्ठ नेता बताते हैं। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उन्हें छुड़ाने के लिए कुछ नेता थाने के चक्कर काट रहे हैं।
स्थानीय राजनीति में हलचल
मामले को लेकर लोक दल के बड़े नेताओं के संपर्क में आने की बात भी सामने आ रही है। मकान विवाद अब केवल परिवार का मामला नहीं रहा, बल्कि स्थानीय राजनीतिक हलचल का केंद्र बन गया है।
कांधला क्षेत्र में भूमि और मकान संबंधी विवादों की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं; हाल ही में भी जमीन विवाद में मारपीट की खबर सामने आई थी। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है, इस पर नजर रखी जा रही है।